पीएचसी हिलौली के निरीक्षण में मिलीं कई गंभीर खामियां, चार कर्मचारी अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश
ब्यूरो रिपोर्ट उमेश द्विवेदी
पुरवा/उन्नाव। उप जिलाधिकारी पुरवा ने गुरुवार को विकास खंड हिलौली स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) हिलौली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, अभिलेखों और लैब व्यवस्था में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अनुपस्थित मिले चार कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए, जबकि दवा वितरण में नियमों के उल्लंघन और एक्सपायरी दवाएं मिलने पर संबंधित फार्मासिस्ट के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई।निरीक्षण के समय प्रभारी तहसीलदार भी मौजूद रहेपीएचसी में कुल 26 अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यरत पाए गए। इनमें से एएनएम संदीप स्वीपर, एनआरओ अजित कुमार, बेसिक हेल्थ वर्कर सुधांशु श्रीवास्तव, हेल्थ एजुकेशन ऑफिसर संदीप तथा अपर डिवीजन क्लर्क गुलाब सिंह अनुपस्थित मिले। इनमें से चार कर्मचारियों द्वारा किसी प्रकार का अवकाश प्रार्थना पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया था। इस पर एसडीएम ने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा की मौजूदगी में सबसे पहले दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि चिकित्सकों द्वारा मरीजों की पर्ची पर बाहर की दवाएं लिखी जा रही हैं, जो शासन की मंशा और नियमों के विपरीत है। वहीं दवा वितरण केंद्र में मरीजों को एक्सपायरी दवाएं वितरित किए जाने का मामला भी सामने आया। इस पर फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह यादव की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की गई।ओपीडी निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक डॉ. साइदा जफर तथा जूनियर डॉक्टर डॉ. प्रतीक कुमार एवं डॉ. सीएल वर्मा मरीजों का उपचार करते मिले। निरीक्षण में अधिकांश मरीज बुखार, डायरिया और प्लेटलेट्स की कमी से पीड़ित पाए गए। इस पर एसडीएम ने क्षेत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने की आवश्यकता जताई।इसके बाद दवा वितरण केंद्र के स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर की जांच की गई, जिसमें वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिले। लेबर रूम के निरीक्षण में केवल स्टाफ नर्स निशा देवी द्वारा प्रसव कार्य कराया जाना पाया गया, जबकि किसी भी स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनोलॉजिस्ट) की तैनाती नहीं मिली।पीएचसी परिसर स्थित लैब के निरीक्षण में पता चला कि वहां केवल खून संबंधी सामान्य जांचें ही की जा रही हैं। अन्य आवश्यक चिकित्सीय जांचों की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा सभी कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
