ब्यूरो चीफ उमेश द्विवेदी
उन्नाव जिले के मौरावां नगर पंचायत और हिलौली ग्राम पंचायत में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (ईद-ए-मिलादुन्नबी) के अवसर पर पूरा कस्बा रूहानी फिजा में डूबा रहा। इस मुबारक मौके पर पारंपरिक बारावफात जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरी अकीदत, एहतराम और शानो-शौकत के साथ निकाला गया।
जुलूस में अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा, हवा में लहराते हरे परचम और गूंजती नात-ओ-दुरूद की सुरीली आवाजों ने पूरे माहौल को नूरानी बना दिया। सुबह की नमाज के बाद से ही कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से छोटी-छोटी अंजुमें अपने-अपने क्षेत्रों से निर्धारित प्रस्थान स्थल पर इकट्ठा होने लगीं। मुख्य जुलूस का आगाज तयशुदा समय पर उलमा-ए-कराम और कस्बे के गद्दीशीनों की सरपरस्ती में दुआ-ख्वानी के साथ किया गया।
इस दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मौरावां आदर्श नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर विवेक सेठ, पूर्व विधायक उदयराज यादव और सपा प्रत्याशी प्रमोद बाजपेई ने एक-दूसरे को गले मिलकर शुभकामनाएं दीं।
क्षेत्राधिकारी पुरवा और मौरावां थाना अध्यक्ष भी अपनी फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। मौरावां नगर पंचायत लिपिक मधुकर बाबू भी अपने स्टाफ सहित मौजूद रहे। जुलूस के दौरान जगह-जगह शरबत और मिष्ठान का वितरण किया गया। सुगमेश्वर मंदिर की ओर से भी एक स्टॉल लगाया गया, जबकि इदरीश मेडिकल स्टोर की तरफ से सुल्तान बाग में बच्चों को बिस्किट और नमकीन वितरित किए गए।

