हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा पिसावां, 300 कांवड़ियों का जत्था राजघाट रवाना

  • थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने भगवान भोलेनाथ का झंडा दिखाकर किया रवाना, भकुरहा पुल तक खुद पहुंचाकर सुनिश्चित की सुरक्षित यात्रा

पिसावां। सावन के पावन महीने में बुधवार की देर शाम पिसावां क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच करीब 300 कांवड़ियों का जत्था हरदोई के राजघाट से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुआ। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में पिसावां पुलिस की सक्रिय भूमिका देखने को मिली।कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले चौराहे स्थित भगवान शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सबसे पहले भगवान गणेश की आरती की गई। इसके बाद भगवान भोलेनाथ सहित अन्य देवी-देवताओं की आरती कर कांवड़ यात्रा के सफल और सुरक्षित होने की कामना की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने भी श्रद्धापूर्वक आरती और पूजन में हिस्सा लिया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी शिवभक्तों की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की प्रार्थना की।

पूजन-अर्चना के बाद थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने भगवान भोलेनाथ का झंडा दिखाकर करीब 300 कांवड़ियों के जत्थे को राजघाट के लिए रवाना किया। जत्था रवाना होते ही पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। कांवड़िए भक्ति गीतों पर नाचते-गाते और रंग-गुलाल उड़ाते हुए राजघाट की ओर बढ़े। शिवभक्तों के उत्साह और उमंग से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता की सक्रियता विशेष रूप से देखने को मिली। उन्होंने पुलिस टीम के साथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी और कांवड़ियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर पूरी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने शिवभक्तों से कहा कि वे शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करें और सकुशल अपने घर लौटें।

थानाध्यक्ष ने अपनी जिम्मेदारी को महज पुलिस व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए कांवड़ियों के साथ आत्मीयता और सहयोग का भाव भी प्रदर्शित किया। उन्होंने जत्थे को हरदोई सीमा स्थित भकुरहा पुल तक सुरक्षित पहुंचाया। पुलिस की इस सक्रियता और सहयोगात्मक रवैये की कांवड़ियों एवं क्षेत्रवासियों ने सराहना की।इस अवसर पर अजीत सिंह, गुड्डू सिंह, डॉ. पूनम शाही, जयशंकर गुप्ता, अशोक सिंह, राजन सिंह, अभिषेक यादव, पुष्कर सिंह सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कांवड़ियों के रवाना होने के दौरान पूरा क्षेत्र भोलेनाथ के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धा व भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *